मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आज किए गए हमले पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मॉडल को देश भर में सभी धर्म-जाति के लोगों का समर्थन मिल रहा है। इसी बौखलाहट में भाजपा ने मुख्यमंत्री पर हमला करवाया। अरविंद केजरीवाल की सच्ची देशभक्ति, ईमानदार और इंसानियत वाली राजनीति को देशवासियों से भारी समर्थन मिल रहा है। जब से आम आदमी पार्टी की पंजाब में सरकार बनी है, तब से भाजपा बौखला गई है। उसे इस बात की बौखलाहट है कि अरविंद केजरीवाल को देश के सभी जाति-धर्म के लोगों का समर्थन मिल रहा है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में भाजपा, अरविंद केजरीवाल से लड़ी और जनता ने अरविंद केजरीवाल को चुना। इससे भाजपा के अंदर असुरक्षा का भाव आ गया है। भाजपा को लग गया है कि अरविंद केजरीवाल की सच्ची देशभक्ति और ईमानदार राजनीति की अब देशभर में चर्चा हो रही है। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर नहीं, देश की जनता पर हमला किया है और जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। भाजपा हमले वाली राजनीति करती रहे। अरविंद केजरीवाल सेवा वाली राजनीति करते रहेंगे।
मनीष सिसोदिया ने कहा आज भाजपा के गुंडे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर तक पहुंच गए और सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरा व बैरियर को तोड़ डाला। यहां सुरक्षा में लगी दिल्ली पुलिस मूक-दर्शक बनकर यह सब देखती रही। सीएम अरविंद केजरीवाल जी की लोकप्रियता से खौफ खाई भाजपा उन्हें चुनाव में नहीं हरा पा रही है, तो साजिश रच कर उनकी हत्या करना चाहती है। भाजपा पंजाब में जीरो पर सिमट गई है। इसलिए अरविंद केजरीवाल जी की हत्या का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के गुंडों ने पुलिस की शह लेकर जानलेवा हमला किया और सीएम आवास के सीसीटीवी कैमरा तोड़े। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल जी को हाथ लगाने का प्रयास भी न करे, अन्यथा देश यह बर्दाश्त नहीं करेगा।